Wednesday, October 21st, 2026

 गृह मंत्री अमित शाह से आम आदमी पार्टी ने मांगा इस्तीफा  

नई दिल्ली 
दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग की गई है। दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में बुधवार रात  BJP कार्यकर्ता रिंकू शर्मा की चाकू मारकर हत्या किए जाने के मामले में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। 'आप' के विधायक सौरभ भारद्वाज ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि परसों दिल्ली में एक परिवार के सामने कुछ लोगों ने मिलकर परिवार पर हमला किया और उनके बेटे रिंकू शर्मा की निर्मम हत्या कर दी गई, इससे कई तरह के सवाल खड़े होते हैं। 

रिंकू शर्मा की हत्या पूरी मानवता को शर्मसार करती है। दोषियों को कठोर सजा मिलनी चाहिए और इसकी एक मिसाल बननी चाहिए। भारद्वाज ने कहा कि एक दिल्लीवासी और विधायक के तौर पर चिंता होती है कि दिल्ली में हत्याओं की खबरें आम हो गई हैं। उन्होंने कहा कि जब केंद्र में भाजपा की सरकार आई तो एक समुदाय समझता था कि वो सुरक्षित नहीं है, लेकिन जैसे इनके राज को 6 साल हुए तो मुस्लिम के साथ दलितों में भी असुरक्षा की भावना आने लगी। भारद्वाज ने कहा कि BJP के राज में हिंदू भी सुरक्षित नहीं है। 3 महीने पहले राहुल राजपूत की निर्मम हत्या हुई थी। 

महिला मित्र के सामने लोग उससे पीटते रहे। जब वो पुलिस के पास गई तो पुलिसवाले चाय पीते रहे, लेकिन मदद नहीं की। क्या गृहमंत्री ने उस मामले में पुलिस वालों पर कार्रवाई की? इन हत्याओं में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की पूरी जिम्मेदारी है, इनकी नाक के नीचे हत्याएं हो रही हैं और पुलिस होने दे रही है। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले अपने राजनीतिक फायदे के लिए हमारे हिन्दू बच्चों की जान ले रहे हैं। दिल्ली में लगातार हत्याएं हो रही हैं और गृहमंत्री अमित शाह कुम्भकर्णी नींद सोए हुए हैं। भाजपा अपने राजनीतिक फायदे के लिए हिंदू बच्चों की जान मत ले। हमारे बच्चों को इसलिए मत मरवाओं ताकि राजनीतिक रोटियां सेंक सको।

 

# गृह मंत्री अमित शाह

Source : Agency

पाठको की राय